पुलिस ने भर्ती करवाने के नाम पर ठगी करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी ने नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
इनसे पुलिस पूछताछ कर रही है, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको 2 मार्च तक पुलिस रिमांड में भेज दिया। पुलिस के मुताबिक ठगी का शिकार हुए भारत भूषण और बृज लाल ने आरोप लगाया था कि 2015 में हुई पुलिस भर्ती के समय में आरोपी अशोक शर्मा और राजू शर्मा जो शिमला के आसपास के रहने वाले है, ने पुलिस में नौकरी लगाने का वादा किया।
इसकी एवज में उनसे कुल तीन लाख रुपये लिए। भर्ती का परिणाम आने के बाद जब उनसे युवकों ने नौकरी के बारे में पूछा तो आरोपियों ने टाल मटोल करना शुरू कर दिया। उन्होंने पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया।
पुलिस थाना में युवकों की शिकायत दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच में सामने आया कि इनमें एक आरोपी दूध बेचने का काम करता है और दूसरा छोटा कारोबारी है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि पुलिस ठगी के दर्ज किए इस मामले के बाद गिरफ्तार किए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।