सिधवां नहर से मिला बुजुर्ग का शव, हत्या की आशंका
लुधियाना में सिधवां नहर से गुरुवार देर शाम गिल रोड पुल के पास बुजुर्ग का शव मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव नहर से निकलवाया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग के हाथ बंधे थे, इसलिए हत्या की आशंका जताई जा रही है। चौकी मराडो के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें नहर में शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं नजर आ रहा था। पोस्टमार्टम कराने से पहले कोशिश की जा रही है कि शव की पहचान की जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि हत्या हुई है या बुजुर्ग की डूबने से मौत हुई है।
लड़ाई में बुजुर्ग की मौत
लुधियाना में ही पीएयू के गांव बीरमी इलाके में दो परिवारों के बीच हुई लड़ाई के दौरान एक बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुजुर्ग की पहचान रामलोक (60) के रूप में हुई है। रामलोक के परिजनों ने पड़ोसी परिवार पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर थाना पीएयू की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल भेज दिया।
जांच अधिकारी अमरीक सिंह ने बताया कि रामलोक घर पर ही रहता था। शुक्रवार सुबह उसके परिवार की पड़ोसियों के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। दोनों परिवारों में काफी देर तक बहस होती गई और मारपीट भी हुई। इसी दौरान रामलोक बीच बचाव की कोशिश में गिर पड़ा और कुछ समय बाद मौत हो गई। इसके बाद परिवार वालों ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट की, जिससे जान गई है। पुलिस का कहना है कि परिवार वालों ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच की जा रही है।