सिमरन की हत्या करने वाले आरोपी पति विक्रांत के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हैबोवाल के आनंद नगर इलाके में रहने वाली सिमरन की हत्या करने वाले उसके पति विक्रांत उर्फ विक्की को थाना हैबोवाल की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी विक्रांत को जस्सियां रोड इलाके से नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी विक्रांत के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया बेसबॉल का डंडा और रुमाल बरामद किया है। जिससे आरोपी ने सिमरन का गला दबाया था। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी सिमरन के किसी व्यक्ति के साथ नाजायज संबंध हैं। जिस वजह से वह नौकरी करना चाहती है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एडीसीपी 3 अश्विन गोतियाल ने बताया कि विक्रांत और सिमरन की शादी 2013 में हुई थी। उसकी एक बेटी और एक बेटा है। आरोपी विक्रांत हलवाई था। कभी-कभी दिहाड़ी पर टैक्सी लेकर चला जाता था। आरोपी विक्रांत शराब पीने का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।
विक्रांत की पत्नी नौकरी करना चाहती थी पर विक्रांत को शक था कि उसकी पत्नी के किसी के साथ नाजायज संबंध है। जिस कारण दोनों का झगड़ा होता था। विक्रांत अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और आठ तारीख को आरोपी विक्रांत ने सिमरन के साथ मारपीट की और उसका गला दबा कर हत्या कर दी।
जांच के दौरान पता चला कि सिमरन के आठ जगहों पर चोट लगी है और गला दबाया गया है। आरोपी अस्पताल से गायब हो गया। एडीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के बारे में पता चला था कि वह हिमाचल की ओर गया है। जिसके बाद आरोपी की तलाश में टीम वहां भी गई थी। आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिली कि जस्सियां रोड पर है तो पुलिस ने वहां से गिरफ्तार किया। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी के किसी के साथ नाजायज संबंध है। वह इसलिए नौकरी करना चाहती है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।