दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 22 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि नौकरी दिलाने की बात कहकर आरोपी ने अपने कार्यालय बुलाया। जिसके बाद दोस्त के साथ मिल नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह पांच साल से प्रेमनगर इलाके में रहती है। वह एक निजी कंपनी में काम करती थी। लॉकडाउन के दौरान उसकी नौकरी छूट गई। उसके बाद से वह लगातार नौकरी की तलाश कर रही थी।
बातचीत के दौरान आरोपियों ने कोल्डड्रिंक दी
एक परिचित के कहने पर शर्मा नाम के व्यक्ति से संपर्क किया। शर्मा ने नौकरी के बाबत बातचीत करने के लिए पिछले साल 15 दिसंबर को मुबारकपुर स्थित अपने कार्यालय में बुलाया। कार्यालय में उसका दोस्त असलम भी मौजूद था। बातचीत के दौरान आरोपियों ने कोल्डड्रिंक पीने के लिए दी। जिसके पीते ही उस पर बेहोशी छाने लगी। उसके बाद आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से वह काफी डर गई थी। लेकिन उसने साहस कर 9 जनवरी को थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्य आरोपी शर्मा फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उसका दोस्त गिरफ्तार किया गया है।