देश के हर प्रदेश और जिले में आज विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है। वहीं पश्चिमी यूपी के शहरों में नेता, अधिकारी और खिलाड़ी समेत सभी लोगों ने उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। देश-दुनिया में इस बार यह सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
बागपत में योग दिवस को लेकर दिखा उत्साह, घरों में किया योगाभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बागपत जिले के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने घरों में रहकर योगाभ्यास किया। हर किसी ने योग में दिलचस्पी दिखाई। वहीं डीएम राजकमल यादव और सीएमओ डॉ. आरके टंडन समेत अन्य अधिकारियों ने अपने आवास पर योगाभ्यास कर लोगों को इसके जरिए निरोगी रहने का संदेश दिया।
इसके अलावा बड़ी संख्या में बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने अपने घरों में योगाभ्यास किया। कई स्थानों पर कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए समूहों में भी योगाभ्यास किया गया। प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार, कपालभाति आदि आसन किए। आयुष मंत्रालय की योग दिवस चैलेंज प्रतियोगिता में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लोगों ने योगाभ्यास करते हुए अपने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए।