फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ध्यान दें: प्रोटीन के चक्कर में कहीं आप भी तो नहीं खा रहे हैं ज्यादा अंडे? ऐसी गंभीर समस्याओं के हो सकते हैं शिकार

Fri, 08 Apr 2022 04:23 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
ज्यादा अंडे खाना हो सकता है नुकसानदायक - फोटो : iStock
शरीर को पुष्ट बनाने और मांसपेशियों के बेहतर विकास के लिए पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन का सेवन करना बहुत आवश्यक माना जाता है। प्रोटीन का नाम सुनते ही सबसे पहला ख्याल अंडों का आता है। हो भी क्यों न, अंडे इस पोषक तत्व का सबसे अच्छा और आसानी से उपलब्ध स्रोत माने जाते हैं। औसत 100 ग्राम अंडे से 13 ग्राम की मात्रा में प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक वयस्क पुरुषों को प्रतिदिन लगभग 56 ग्राम और महिलाओं को प्रतिदिन लगभग 46 ग्राम प्रोटीन की आवश्यकता होती है। यानी कि अगर आप अन्य चीजों के साथ रोजाना चार अंडे खाते हैं तो शरीर की इस आवश्यकता को आसानी से पूरा किया जा सकता है। पर ज्यादा प्रोटीन के चक्कर में कहीं आप भी तो बहुत अधिक अंडों का सेवन नहीं कर रहे?

आहार विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर को एक नियत मात्रा में ही पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इससे अधिक की मात्रा का ठीक से पाचन नहीं हो पाता है जिससे यह लिवर और किडनी के लिए अतिरिक्त मेहनत का कारण बन सकती हैं। वहीं अध्ययनों से पता चलता है कि अंडों का अधिक सेवन करने वाले लोगों को कई तरह की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम भी हो सकता है। आइए आगे की स्लाइडों में इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
बढ़ सकती है कोलेस्ट्रॉल की दिक्कत - फोटो : Pixabay
कोलेस्ट्रॉल की समस्या
सीमित मात्रा में अंडे खाना जितना फायदेमंद है, वहीं इसकी अधिकता कई तरह की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ा सकती है। विशेषकर अधिक मात्रा में अंडे खाने वाले लोगों में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने का खतरा हो सकता है। एक बड़े अंडे में औसतन 186 मिलीग्राम कोलेस्ट्रॉल होता है, वहीं एक दिन में  विशेषज्ञ 300 मिलीग्राम से अधिक मात्रा में कोलेस्ट्रॉल का सेवन न करने की सलाह देते हैं। ऐसे में स्वस्थ शरीर के लिए रोजाना दो अंडे खाना पर्याप्त हो सकता है।
विज्ञापन

3 of 5
ज्यादा अंडे खाने से पेट में सूजन और दर्द - फोटो : iStock
पेट में सूजन की समस्या
अधिक मात्रा में अंडे खाते रहने की आदत आपके पेट के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है। ज्यादा अंडे खाने वाले लोगों में कब्ज और पेट में सूजन की समस्या हो सकती है। एक नियत मात्रा से अधिक प्रोटीन और कोलेस्ट्रॉल का ठीक से पाचन नहीं हो पाता है जिसके कारण आपको पेट की कई गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। अगर आप लगातार अधिक मात्रा में अंडे खाते रहते हैं तो इससे लिवर की सेहत पर भी गंभीर असर हो सकता है।

4 of 5
अंडों में फैट की मात्रा बढ़ा सकती है ब्लड शुगर - फोटो : Pixabay
बढ़ सकती है डायबिटीज रोगियों की दिक्कत
डायबिटीज में प्रोटीन की जरूरतों को पूरा करने के लिए अंडे खाने की सलाह दी जाती है, हालांकि इसका अधिक सेवन ब्लड शुगर लेवल को बढ़ावा दे सकता है। अंडों में फैट की मात्रा होती है जिसका अधिक मात्रा में सेवन करना रक्त शर्करा के स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।

ज्यादा अंडे खाने से इंसुलिन प्रतिरोध की समस्या बढ़ जाती है जिसके परिणामस्वरूप आपकी स्वास्थ्य जटिलताएं बढ़ सकती हैं। ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, प्रतिदिन दो से अधिक अंडे खाने से मधुमेह का खतरा 60% तक बढ़ सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
ज्यादा अंडे खाने के त्वचा पर प्रभाव - फोटो : iStock
त्वचा से संबंधित दिक्कतें
ज्यादा मात्रा में अंडे खाने के कारण आपको त्वचा से संबंधित कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। अंडों में प्रोजेस्टेरोन की मात्रा होती है, इसका अधिक मात्रा में सेवन करने से शरीर में प्रोजेस्टेरोन हार्मोन के बढ़ने का खतरा होता है जिसके कारण आपको फोड़े या मुंहासों की दिक्कत हो सकती है। अंडे से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए इसका संयमित मात्रा में सेवन सुनिश्चित करना आवश्यक है।


---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें