होता है मिटने ही के लिए हर लगा हुआ
लेकिन वो एक दाग़ न लग कर लगा हुआ
दिल बैठ बैठ जाता है आईना देख कर
जाने ये कैसा रोग है भीतर लगा हुआ
ऐसे ही बात बात पे रोता नहीं हूँ मैं
इक ज़ख़्म है कहीं मिरे अंदर लगा हुआ
अंदर बिछा हुआ है कोई जाल और ही
दाम और है दुकान के बाहर लगा हुआ
डरता भी हूँ कि हो ही न जाए कहीं वो काम
इक 'उम्र से हूँ जिस में बराबर लगा हुआ
होता नहीं जवान लड़कपन के बा'द भी
लगता नहीं ग़रीब का नंबर लगा हुआ
वो इत्तिफ़ाक़ से मिरा महबूब है तो क्या
जचता है एक शख़्स ही अफ़सर लगा हुआ
'जव्वाद' ज़िंदगी की तरह थी कोई सड़क
दोनों तरफ़ क़तार में कीकर लगा हुआ
हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।