हे कुटुज! कितनी संघर्षशील हो तुम!
सूखे मरुस्थल में,
तपती रेत में तुम अपनी जड़ों और लताओं को समेटे,
खा रही हो थपेड़े,
फिर भी कितनी संघर्षशील हो तुम।
समुद्र की तीव्र लहरों में,
तुम कैसे खड़ी हो कुटुज?
तुम्हारी जड़ें उखड़ सी गई हैं,
टहनियों और ज़मीन के बीच दूरियाँ
कम हो गई हैं।
फिर भी इतनी संघर्षशील कैसे हो तुम?
कठोर चट्टानों के बीच
तुम अकेली,
खड़ी रात-दिन
कशमकश में,
अपने को कैसे संभाल रही हो तुम?
धूप-छांव, तूफ़ानों में,
सूखी टहनियाँ,
उखड़ती जड़ें,
फिर होंठों पर मुस्कराहट के साथ,
कैसे इतनी संघर्षशील हो तुम?
तुम धन्य हो कुटुज,
और धन्य है तुम्हारी संघर्षशीलता।
ख़ूब लड़ी हो तुम
अपने आप से,
जीवन संघर्ष के लिए।
फिर भी तुमने,
सुख-दुख में,
अपनी परवाह किए बिना,
ख़ूब साथ दिया है
असहायों का।
तुम जीवनदायिनी हो कुटुज,
सहारा हो तुम।
तुम्हारे रोम-रोम से निकली ऊर्जा
अंकुरित करती है नव-जीवन को।
— प्रो. विश्वंभर प्रसाद सती