पार्क की बेंच
पार्क की बेंच,
मैं तुम्हें दोस्त कह सकता हूँ।
तुमने सुन ली थी उस सपने की चर्चा,
जो पूरा नहीं हुआ,
पर किसी को पता नहीं।
तुम्हारे पास सबूत हैं—
मेरी उलझनों के, शिकायतों के,
मेरी ख़्वाहिशों के, मेरी गलतियों के,
जिनकी चर्चा मैंने कभी
किसी से नहीं की थी।
तुम्हारी बगल में मेरी मुस्कुराहटें होंगी,
और साथ में उदासियाँ भी।
ये राज़ हम दोनों को पता है—
कि मेरे काफ़ी दोस्त हैं,
और मेरा कोई दोस्त नहीं।
-विनोद टेलर