कहाँ गई वो चवन्नी-अठन्नी, कहाँ गया जो ज़माना था,
एक टॉफ़ी में ही ख़ुश थे, वही अपना ख़ज़ाना था।
जेब में सिक्के खनकते थे, दिल अपना मस्ताना था,
कम पैसों में भी हर एक दिन कितना सुहाना था।
एक-दो रुपये के सिक्के अब जेब में खनकते नहीं,
खुले पैसे माँगो तो दुकानदार कहता है, “जी, मिलते नहीं!”
बचे हुए पैसे माँगो तो बस टॉफ़ी थमा देता है,
हम कुछ कहने लगें, तो अगला ग्राहक बुला लेता है।
पाँच का नोट हो या दस का, अब कहाँ नज़र आता है,
महँगाई के इस दौर में, वो भी कम पड़ जाता है।
सौ का नोट तो आजकल बस नाम का ख़ज़ाना है,
बाज़ार के एक ही चक्कर में उसका दम निकल जाता है।
पाँच सौ का बाबू ख़ुद को अकेला नवाब समझता है,
पर शाम ढले बटुआ देखो, वो भी खाली मिलता है।
तब कम पैसों में भी अपना दिल बाग़-बाग़ हो जाता था,
आज हज़ारों ख़र्च करके भी सुकून नहीं मिल पाता है।
कहाँ गई वो चवन्नी-अठन्नी, कहाँ गया जो ज़माना था,
एक टॉफ़ी में ही ख़ुश थे, वही अपना ख़ज़ाना था।
-राधा रावल