उसके समझने की जल्दी,
मेरे समझाने की जल्दी,
हम दोनों को ले डूबी।
उसके जाने की जल्दी,
मुझे भुलाने की जल्दी,
मुझसे मेरा सब ले बैठी।
न उसने बात करने की
कभी गुज़ारिश की,
न मैंने कुछ बताने की
कोई फ़रमाइश की।
न उसने कभी मुझे सँभाला,
न मैंने कभी उसका हाथ थामा।
उसका मुझसे ख़फ़ा रहना,
मेरा ख़ुद में समाया रहना।
उसका बात-बात पर रूठ जाना,
मेरा उसको बार-बार न मना पाना।
उसका मुझे सिर्फ़ ग़लत ठहराना,
मेरा हर दफ़ा बस
उसको सही बताना।
ख़ामोशी की चादर ओढ़ लेना,
मुझसे चेहरा मोड़ लेना।
शायद वफ़ा नहीं,
रिहाई थी।
आस अनचाही सही,
दूर रहने की कोशिश थी।
अलग रहना सही था हमारा,
जान-बूझकर जलना,
फिर आँखें भरना,
इसमें थोड़ी जीने की गुंजाइश थी।