विज्ञापन

मैं तुम जैसी बन जाऊँ

देश -

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            "मैं तुम जैसी बन जाऊँ"
        
                                                    
                            

प्रियवर! कुछ ऐसा कर दो तुम, मैं तुम जैसी बन जाऊँ
विलग रहें न एक-दूजे से, तुम देह, मैं परछाई बन जाऊँ ॥
बन जाओ तुम जीवन मेरे, मैं श्वास-श्वास बस जाऊँ,
आदि-अंत तुम्ही हो मेरे, मैं इक माध्यम बन जाऊँ॥
तुम हो मेरे दर्पण जैसे, बन प्रतिबिंब मैं तुम्हें निहारूँ
देख तुम्हें मन ही मन मैं, नयना झुका कर शरमाऊँ ॥
रेशम की तुम डोर प्रियतम, मैं बन प्रेम-गाँठ पड़ जाऊँ,
जो तुम हो पुष्प उपवन के, मैं बन सुगंध बस जाऊँ॥
यदि चंद्रमा तुम पूनम के, मैं चाँदनी रात कहलाऊँ ,
तुम जीवन के दिनकर, मैं किरण रेशमी हो जाऊँ॥
तुम मेरी जीवन-वीणा, मैं राग-मल्हार धुन गाऊँ,
तुम हो जैसे हृदय मेरा, मैं स्पंदन भी सुन पाऊँ ॥
मधु वसंत की ऋतु हो तुम, मैं उत्सव बन इतराऊँ,
तुम फागुन की होरी जैसे, मैं अबीर-गुलाल हो जाऊँ॥
तुम मदिरा के प्याले जैसे, तो मैं मधुशाला बन जाऊँ,
तुम जैसे क्षुधा कंठ की, मैं तृप्ति आकंठ हो जाऊँ॥
विशाल धरा-सा रूप तुम्हारा, मैं रजकण बन मिल जाऊँ,
तुम छुअन हो पुरवाई की, मैं कलियों-सी खिल जाऊँ॥
तुम आओ जो अंबर बनकर, मैं बदरी बन छा जाऊँ,
मंदिर के तुम दीपक जैसे, मैं ज्योत बन झिलमिलाऊँ ॥
तुम सोलह शृंगार हो मेरे, मैं लज्जा बन शरमाऊँ,
माथे की बिंदिया, कंगना, कुंडल, पायल बन जाऊँ॥
प्रिय तुम हो नदियां जैसे, मैं बन लहर तेरी इठलाऊँ,
जैसे सागर तुम गंभीर, मैं अतल गहराई बन जाऊँ॥
धुला-धुला-सा आँगन हो तुम, मैं तुलसी भी बन जाऊँ,
कदंब पेड़ की भांति हो तुम, मैं यमुना-तट हो जाऊँ॥
मेरे मन-मस्तिष्क जैसे तुम, मैं बन विचार खो जाऊँ,
जैसे तुम हो स्वप्न रात्री का, मैं अंकशायिनी हो जाऊँ॥
तुम हो जैसे प्रकृति-पुरुष, मैं भी सृष्टि-नार कहलाऊँ,
बन जाओ तुम रचना मेरी, तो मैं छ्ंद-छंद बन जाऊँ॥
तुम हो कोई पावन मंदिर, मैं आराधना तेरी हो जाऊँ,
अखंड-दीप से तुम प्रज्ज्वलित,मैं ज्योतिसम हो जाऊँ॥
एक व्याख्या रहें हमारी, परिचय ऐसा कुछ दे पाऊँ,
विलीन रहें हम एक-दूजे में, ऐसा मैं कुछ कर जाऊँ॥
प्रियवर! कुछ ऐसा कर दो तुम, मैं तुम जैसी बन जाऊँ
विलग रहें न एक-दूजे से, तुम देह मैं परछाई बन जाऊँ ॥
-सुषमा गजापुरे '
2 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all