हर टूटे हुए रिश्ते में,
टूटने वाला व्यक्ति दोषी नहीं होता,
हर मौन ,
सहमति नहीं होती,
हर क्षमा ,
अपराध की मुक्ति नहीं होती। ,
और हर मुस्कान के पीछे,
संतोष का निवास नहीं होता !
कुछ लोग घाव देकर भी ,
मरहम लगाने का अभिनय करते हैं,
कुछ लोग विश्वास जीतकर ,
उसी विश्वास को हथियार बना लेते हैं।
लेकिन याद रखना,
किसी के छल से तुम्हारा विश्वास टूट सकता है,
तुम्हारी सहजता घायल हो सकती है,
तुम्हारा मन कुछ समय के लिए ,
अंधकार से भर सकता है;
पर तुम्हारी संवेदनशीलता का भाव ,
तुम्हारा अपराध नहीं होता !
दोष उस हृदय का नहीं ,
जो पूरे विश्वास से प्रेम करता है,
दोष उस प्रवृत्ति का है ,
जो प्रेम की भाषा बोलकर ,
किसी की आत्मा में,
आत्म-संदेह का बीज भरता है !
प्रकृति कल भी वही थी ,
प्रकृति आज भी वही है,
और शायद जीवन की सबसे बड़ी साधना यही है—
दूसरों के छल से आहत होकर भी,
जब तुम्हारे भीतर का मनुष्य नहीं खोता !
-तनु थदानी