भगवान विष्णु ने
नापे थे
तीन पग में तीन लोक
किन्तु मानस
के लाखों पग नहीं
नाप पाते उसका गंतव्य
जब पाथेय रोटी की जगह
बन जाते है छाले और
माँ के लिये उसके बच्चे का शव
तब
पटरियों की रोटियों पर लगा लहू
अभिव्यक्त करता है
आपबीती उन पगों की
जिनसे कई कोस दूर था
उनका घर
धरती के गर्भ को चीर
अनाज उगाने वाले पग
एक जोड़ी हाथ-पैर
के साथ नहीं आ पाते वापस
सत्ता के दीमक का वो अदृश्य कीड़ा
जो बिना दिखे
चुग लेता है सब कुछ
भूख, प्यास, पग-पीर
बचते हैं तो उनके ठूठ से बंधे
उनके वादे
जिन पर चल देता है मानस
दूर, बहुत दूर
एक अनीश्चित पथ पर
- तालिब हुसैन 'रहबर'