विज्ञापन

आधुनिक शिक्षा

Surya Prakash

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            लिया दाखिला एक दिन , पहुंच गया कॉलेज।
        
                                                    
                            
कॉपी, बस्ता, साथ में लई किताब सहेज। ।
लई किताब सहेज, चले बाबूजी बनकर,
मुँह पर पाउडर पोता, इत्र लगाया जमकर।
सोचा अच्छे बच्चे, अच्छे शिक्षक होंगे,
वर्तमान शिक्षा के सभी समीक्षक होंगे। ।

लेकिन पहुँचा जब वहाँ तभी रह गया दंग।
हाथ पैर के संग में फड़क रहे सब अंग। ।
फड़क रहे सब अंग, देख हालत कक्षा की,
बना रखी थी दयनीय हालत शिक्षा की।
टूटी फ़ूटी बेंच, धूल भी ज़मी हुई थी,
ये सब देखा मेरी साँसें थमी हुई थीं। ।

बैठ गया मैं खिन्न सा , मन था डांवाडोल ।
पहले घंटे में पढ़ाई जाती थी भूगोल ।।
जाती थी भूगोल , उन्होंने खूब बताई ,
पृथ्वी से है चाँद चार सौ मीटर भाई ।
पाठ पढ़ाते सर जी पहुंचे बहुत डीप में ,
ऑस्ट्रेलिया है श्रीलंका महाद्वीप में ।।

'' अली , कली ही सौं विंध्यों आगे कौन हवाल ।''
हिन्दी वाली मैम ने पूछा यही सवाल ।।
पूछा यही सवाल , लिखा दोहा ये किसने,
कोई कहे सूर , कोई बोले दिनकर ने ।
मैडम बोलीं कोई पढ़क्कू नहीं दिखा है ,
ये दोहा बाबा तुलसीदास ने लिखा है ।।

राजनीति विज्ञान में , खूब बताई बात।
प्रथम राष्ट्रपति देश के , थे श्री रामनाथ।।
थे श्री रामनाथ , गाँधी थे हिंसा वादी ,
गोवा में है भारत की आधी आबादी ।
कह कवि सूर्य प्रकाश , अचंभित हुआ विधाता ,
नेहरू जी थे संविधान के निर्माता ।।

अंतिम कक्षा थी तथा , पढ़ना था इतिहास ।
यजुर्वेद के रचयिता , थे श्री कालिदास ।।
थे श्री कालिदास , भेद हमने ये जाना ,
शाहजहाँ की बीवी थी रजिया सुल्ताना ।
कह कवि सूर्य प्रकाश , बात ये समझ ना आती ,
जहांगीर था औरंगजेब का नाती ।।

पहुंचा ये सब देखकर , प्रिन्सिपल के पास ।
गलत पढ़ाया जा रहा है भूगोल , इतिहास ।।
है भूगोल इतिहास , पास सब कैसे होंगे ,
सर बोले जिसकी पॉकेट में पैसे होंगे।
जो भी जितनी मोटी रकम दे जाएगा ,
उतने ही बेहतरीन अंक फिर वो पायेगा ।।

वे बोले क्या ज्ञान से , ला सकते हो अंक ।
हमने राजा बनाए हैं , जो थे बिल्कुल रंक। ।
जो थे बिल्कुल रंक पढ़ाई में थे जीरो ,
देखो वो भी आज बने फिरते हैं हीरो ।
छोटा समझ रहे हो मगर बड़ा है ऑफर ,
इस विद्यालय के चपरासी भी हैं टॉपर। ।

- सूर्य प्रकाश शर्मा
 
- हमें विश्वास है कि हमारे पाठक स्वरचित रचनाएं ही इस कॉलम के तहत प्रकाशित होने के लिए भेजते हैं। हमारे इस सम्मानित पाठक का भी दावा है कि यह रचना स्वरचित है। 
आपकी रचनात्मकता को अमर उजाला काव्य देगा नया मुक़ाम, रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें
5 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all