कैसे करूं प्रशंसा गुरु जी आपने,
ट्यूशन में पैसा बहुत कमाया।
आपने लैक्चर दिया गुरु जी ऐसा,
क्लास में कुछ भी समझ ना आया।
हाफ टाइम में गर कुछ पूछा तो,
गुरु जी आपने डांटा और भगाया।
कैसे करूं प्रशंसा गुरु जी आपने,
ट्यूशन में पैसा बहुत कमाया।
मां घर घर चौंका बर्तन करके,
जैसे तैसे मेहनत कर हमें पढ़ाती थी।
कापी किताब सब रख बस्ते में,
मेहनत से पढ़ना हमें सिखाती थी।
कैसे मैं समझाता माता को, मां
बिना ट्यूशन के पढ़ नहीं पाता।
कितना भी मेहनत कर लूं मैं,
पर फिर भी कुछ समझ ना आता।
हाथ जोड़कर विनती की फिर भी,
गुरु जी ना तरस आपको आया।
कैसे करूं प्रशंसा गुरु जी आपने,
ट्यूशन में पैसा बहुत कमाया।
अपनी गरिमा को पहचानो गुरु जी,
ईश्वर से भी पद है ऊंचा पाया।
निज स्वरूप का कर लो चिन्तन,
गुरु जी आज है पांच सितंबर आया।