किसी स्त्री को एक बदहाल दरवाज़े
पर तरस आया
उसे दरवाज़े पर आसक्ति हुई
उसने उस विरान दरवाज़े को
सजाकर कहा,
सुकून अब तो भीतर चले आओ
आसक्ति से ऊर्जा नि:सृत होकर
दरवाज़े पर छिटक गयी
देहरी खिलखिला उठी
ऊर्जा के स्पंदन में
दरवाज़े से भीतर की ओर
हर कमरे तक जाने के लिए
उम्मीद ,संभावनाओं की पगडंडियां बन गयीं
यूं दरवाज़ा,
भीतर और बाहर
दोनों तरफ खुलता है
किंतु हर किसी के लिए नहीं
हर दरवाज़ा
मंजिल तक पहुंचने का द्वार नहीं होता
खुलता है,
किसी के लिए सुकून की तलाश
में बाहर जाने के लिए
किसी के लिए
सुकून पाने भर की तलाश में
घर लौटने के लिए
आसक्ति ने समय ध्यान,ऊर्जा को
खर्च करके
सुकून
को भीतर बुला लिया...
-सुनीता भट्ट पैन्यूली