रिश्ते हालात से नहीं, नीयत से बनते हैं,
ये दौलत या शोहरत से नहीं, सम्मान से बनते हैं।
जहाँ मन में अपनापन और दिल में जगह होती है,
वहीं रिश्तों की बुनियाद मजबूत हुआ करती है।
न सुख में ही परखो, न दुःख में ही तौलो,
किसने कितना साथ दिया, इसका हिसाब मत खोलो।
जो कठिन समय में भी विश्वास बनाए रखता है,
वही सच्चे रिश्तों का अर्थ समझता है।
न ऊँच-नीच देखो, न छोटा-बड़ा मानो,
हर इंसान के स्वाभिमान को अपना सम्मान जानो।
रिश्ते केवल बोलने से निभाए नहीं जाते,
ये दिल से जुड़ते हैं, बाजार में पाए नहीं जाते।
कभी गलती हो जाए तो माफ करना सीखो,
रूठ जाए कोई अपना तो मनाना सीखो।
अहंकार की दीवारें रिश्तों को तोड़ देती हैं,
प्रेम और सम्मान की भावनाएँ जोड़ देती हैं।
हालात बदलें तो बदलने दो, रिश्तों की पहचान मत बदलना,
अपनों के सम्मान की खातिर कभी अपना ईमान मत बदलना।
क्योंकि रिश्ते वही अमर होते हैं संसार में,
जहाँ नीयत साफ होती है और सम्मान होता है व्यवहार में।
-सूबा लाल ' अंजाना '