विज्ञापन

पतझड़ से मत घबराना

Sooba Lal

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            जिस विशाल तरुवर की जड़ें, धरती में गहरी जाती हैं,
        
                                                    
                            
समय-समय पर नई शाखाएँ, नई पत्तियाँ आती हैं।
मरुस्थल की सूखी धरती में, जीवन रस जुटाता है,
धूप, धूल, आँधी, वर्षा से, लड़कर खड़ा रह जाता है।

कभी तूफानी दरिया से भी, भयभीत नहीं होता तरुवर,
बर्फीली तूफानी हवाओं से, झुकता नहीं कभी तरुवर।
हर विपदा से लड़कर उसने, अपना अस्तित्व बचाया है,
केवल अपने लिए नहीं, परहित में फल-फूल लुटाया है।

कितनी ऋतुएँ आईं-गईं, सबको सहता आया है,
तपती धूप और शीतल छाया, दोनों में मुस्काया है।
पतझड़ के आते ही देखो, पत्ताविहीन कहलाया है,
कल तक जो था हरा भरा, आज ठूँठ-सा नजर आया है।

समय देखकर तरुवर बोला, यह परिवर्तन की माया है,
सुख-दुःख, हानि और लाभ का, सब पर समय का साया है।
पतझड़ से मत घबराना, फिर वसंत भी आएगा,
जो संघर्षों में डटा रहेगा, वही निखरकर छाएगा।

जीवन का संदेश यही है, विपदाओं से मत हारो,
समय बदलता रहता है, धैर्य रखो और आगे बढ़ो।
पत्ते झड़ने से वृक्ष कभी, अपना अस्तित्व नहीं खोता,
जो जड़ से जुड़ा रहता है, वह फिर से हरा-भरा होता।
-सूबा लाल ' अंजना '
26 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11257 कविताएं

View Profile

Soni Gupta

71 कविताएं

View Profile