विज्ञापन

रोटी की कीमत उससे पूछो, जो भूखे रह रात बिताई,

Sooba Lal

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            भोजन जन-जन का जीवन है, इसका करो सम्मान सभी,
        
                                                    
                            
राजा, प्रजा और रसोइये, घर-घर की है शान यही।

इसका एक-एक दाना देखो, कितने श्रम से आता है,
खेतों से लेकर थाली तक, कितना पसीना बह जाता है।

भूख न देखे जाति-धर्म को, न ऊँच-नीच का भेद करे,
भूख न राजा-रंक को जाने, सबको एक समान करे।

जिसको मिलता भरपेट भोजन, वह इसकी कीमत क्या जाने,
जिसकी रात गुजरे भूखे, उससे पूछो इसके माने।

किसान धूप में जलता रहता, धरती का सीना चीरता है,
बीज डालकर उम्मीदों का, फसल उगाने में जीता है।

वर्षा, आँधी, धूप, ठंड में, कितने संकट सहता है,
तब जाकर घर-घर की थाली में, अन्न का दाना रहता है।

माँ के हाथों पकी रोटियाँ, केवल भोजन नहीं होती ,
उनमें ममता, प्यार समाया, कोई कीमत नहीं उसकी ।

रसोइये की मेहनत देखो, आग के आगे तपता है,
दूसरों का पेट भरने में, अपना श्रम भी खपता है।

समय बड़ा अनमोल है , समय से भोजन का पाना ,
सुबह, दोपहर और शाम को, उचित समय पर खाना।

भूख लगी हो, भोजन न मिले, पीड़ा कितनी होती है,
पेट भरा हो, पर भोजन न हो, बेचैनी तब भी होती है।

किसी के घर में छप्पन भोग हैं, किसी को सूखी रोटी नहीं,
किसी की थाली भर जाती है, किसी को एक बोटी नहीं।

कहीं पकवानों की थाली से, भोजन बाहर जाता है,
कहीं भूखा बच्चा रात में, आँसू पीकर सो जाता है।

किसी के लिए कम रोटी भी, अमृत का काम करती है,
किसी की बची हुई रोटी से, गरीब की साँसें चलती हैं।

भिखारी के लिए बासी रोटी, भूख मिटाने का सहारा है,
गरीब के लिए सूखा टुकड़ा भी, जीवन का उजियारा है।

जो रोटी कल की बची हुई है, यदि खाने के योग्य हुई,
किसी जरूरतमंद को दे दो, उसकी भूख मिटेगी वही।

सड़ी-गली और दूषित चीजें, दान समझकर मत देना,
किसी गरीब की मजबूरी को, बीमारी में न बदल देना।

बची हुई बासी हुई रोटी , जब कूड़े में फेंकी जाती है,
किसी भूखे की आँखों में, वह पीड़ा बनकर छाती है।

कुत्ते, पशु या पक्षी को भी, भोजन का अधिकार मिले,
पर पहले भूखे मानव को, सम्मान सहित आहार मिले।

कम भोजन थाली में परसो, आवश्यकता हो तो और बढ़ाओ,
जितनी भूख हो उतना खाओ, व्यर्थ न एक भी अन्न गँवाओ।

शादी, उत्सव और भोजों में, इस बात का ध्यान रखो,
भोजन की बर्बादी रोककर, मानवता का मान रखो।

अन्न न केवल वस्तु है कोई, इसमें जीवन बसता है,
इसकी खातिर निर्धन मानव, दिन-रात परिश्रम करता है।

जिस थाली में भोजन आया, उसका मूल्य पहचानो तुम,
एक निवाले की खातिर भी, किसी की मेहनत जानो तुम।

नहीं बड़ा धनवान है वह जो, धन का केवल ढेर लगाए,
बड़ा वही इंसान है जो भूखे को, दो रोटी प्रेम से खिलाए।

भोजन देकर किसी जरूरतमंद का, मिट जाए यदि संताप कभी,
उससे बढ़कर पुण्य नहीं है, याद रखो यह बात सभी।

आओ मिलकर प्रण लें हम सब, अन्न न व्यर्थ गंवाएँगे,
भूखे और जरूरतमंदों तक, भोजन अवश्य पहुँचाएँगे।

अन्नपूर्णा का आशीष रहे, खुशियों से भरे जीवन सब का,
इसका करो सम्मान सभी,जीवन है भोजन जन-जन का ।

अमीर की थाली से जो रोटी बचकर गिर जाती है,
गरीब की भूखी आँखों में वही उम्मीद जगाती है।

रोटी की कीमत उससे पूछो, जो भूखे रह रात बिताई,
जो खाली पेट पानी पीकर, अपनी पूरी उम्र गंवाई।
-सूबा लाल 'अंजाना'
19 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11245 कविताएं

View Profile

Soni Gupta

71 कविताएं

View Profile