लाख रुलाओ तुम,
अब हम रोएँगे नहीं,
मुस्कान अपनी
कभी खोएंगे नहीं।
जितने भी चलाओ
शब्द-बाण मगर,
ख़ुद को ज़ख़्मी
होने देंगे नहीं।
सच और झूठ की
विवेचना कर,
यथार्थ की राह से
भटकेंगे नहीं।
ऐसा हो नहीं सकता कि-
कुनीतियों का
करके उन्मूलन,
सुनीतियों के मार्ग पर
तुम्हें चलाएंगे नहीं।
अधर्म देखकर
चुप रहना भी
अधर्म है,
आँखों के सामने
अधर्म होता देख,
चुप हम रह पाएंगे नहीं।
-श्रेयसी