जा-ब-जा अपनी ही मुफ़लिसी के चर्चे रहे,
आमदनी कुछ न थी घर में सभी के ख़र्चे रहे।
तेरे वादे के मुताबिक़ तुझे रुसवा न किया,
तेरे कूचे में फिर क्यूँ मेरे नाम के बिखरे पर्चे रहे।
अभी इब्तिदा ही थी कि ज़माने ने जुदा कर दिया,
कहाँ हम दोनों के दरमियाँ वो मुलाक़ातों के अर्से रहे।
सारे आलम से लड़ जाऊँ तुझे पाने को,
बग़ावत कैसे करूँ, मुझ पे तेरे अहल-ए-ख़ाना के क़र्ज़े रहे।
ज़िंदगी रह-रह कर ज़ख़्म देती रही, मैं सब्र करता रहा,
दिल को 'शौक़त' तुझसे गिले-शिकवे अगरचे रहे।