तृष्णा, आसक्ति और उत्कंठा,
इनके सहित ढेरों भावनाएँ
तीव्र वेग से मेरे अंतर को,
झकझोर रही हैं.
यह कोई चमत्कारिक कशिश नहीं,
मेरे हृदय कोशिकाओं की तरंगे हैं,
मेरे वृहत मस्तिष्क की धाराएँ हैं
तुम्हारा मेरे जीवन में उतरना
केवल संयोग मात्र नहीं,
ब्रह्मांड का सृजित भँवर जाल है
जो मुझे अपनी लपटों में,
सुदृढ़ रूप से जकड़ रहा है.
यह शक्तिशाली है मगर,
उतना ही सौम्य भी.
यह पीड़ादायक है मगर,
तुम्हारे भूरे नेत्रों की भाँति
सम्मोहक भी.
यह आक्रामक है मगर,
संवेदनशील भी.
यह जो भी है निश्चित ही तुम्हारे जैसा है,
सत्य से परिपूर्ण.