विज्ञापन

जागृत अपने सोए मन को..

स्वराक्षी स्वरा

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            गीत
        
                                                    
                            
जागृत अपने सोए मन को,सुनो सखे करना होगा
जो भी कीमत जीवन की है,तुम्हें उसे भरना होगा।।

क्रोधित होकर अपना जीवन,मत ऐसे बरबाद करो
आत्मदाह करने से पहले,मात- पिता को याद करो
दर्द पाल के अपने भीतर,खुश तुमको रहना होगा।।

हृदय में ले आस की ज्योति, कश्ती लहर पे चलती हैं
कांटों के ही मध्य में देखो,कलियां बढ़ती खिलती हैं
कठिन परिश्रम से सहरा में,बना कोइ झरना होगा ।।

गम की बदली मत छाने दो, खुशियों के इस उपवन में
देखो कटुता वास न कर ले,निश्चल सुंदर इस मन में
अज्ञानी इस तम को हटाकर,
जगमग जग करना होगा।।

कहे स्वरा कर खुद पे भरोसा,नहीं कहीं फरियाद करो
पीड़ाओं को झेल झेल कर,खुद को तुम फौलाद करो
राह बता देगा कोई पर,डगर तुम्हें चलना होगा।।
-स्वराक्षी स्वरा
 
2 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all