नारी आगे बढ़ती है,
पीछे चलता मर्द जात,
हर जीत के शोर में भी,
अनसुनी रहती उसकी बात।
घर की दीवारें जब
अपनों से ही दरक जाती हैं,
तो बँटवारे की हर तोहमत,
मर्द के हिस्से आती है।
ज़मीन पर लकीरें खींचकर,
हदें और सरहदें बनाती हैं,
रिश्तों की उलझी डोर में,
न जाने कितनी गाँठें लगाती हैं।
रिश्तों में ज़हर घुलता है,
इल्ज़ाम मर्द पर आता है,
कोई अपना ही घर तोड़े,
तो दोषी मर्द कहलाता है।
अपनों को अपनों से लड़ाकर,
रिश्तों में दरारें डालती हैं,
जब उजड़ता है कोई आशियाना,
उँगलियाँ मर्द पर उठती हैं।
कभी माँ का रूप धरती हैं,
कभी बहन बनकर आती हैं,
कभी पत्नी के रिश्ते में,
अपनी ही शर्तें चलाती हैं।
खामोश रहे तो बुज़दिल,
बोले तो बदतमीज़ कहलाता है,
अपने ही घर के भीतर,
मर्द हर रोज़ कटघरे में आता है।
अजीब दस्तूर है दुनिया का,
अजीब इसके रीत-रिवाज़,
फ़ैसला होने से पहले ही,
सुना दिया जाता है इल्ज़ाम।
बोले तो अत्याचारी,
चुप रहे तो नाकारा,
हर तरफ़ सवालों में घिरा,
मर्द करे भी तो क्या बेचारा?
इंसाफ़ के तराज़ू में,
बराबरी का पलड़ा कहाँ है?
हर रिश्ते में हक़ की बातें हैं,
पर मर्द का हक़ कहाँ है ?