तुम्हारे मंच से हर रोज़, ये एलान होता है,
कि अब इस देश का हर गाँव, आलीशान होता है,
मगर जब शाम ढलती है, किसी मजदूर की छत पर,
तो चूल्हे की जगह बस, पेट में तूफ़ान होता है।
बड़ी चालाकियों से घर, हमारा बांट रखा है,
कहीं मज़हब, कहीं पर ज़ात, का ही पाठ रखा है,
तुम्हारी कुर्सियों की उम्र, लंबी हो इसी ख़ातिर,
हमारी झोपड़ी के पास, इक श्मशान रखा है।
चमकती सड़कों के किस्से, सुनाते हो सभाओं में,
उजाला बाँटने की बात, करते हो हवाओं में,
ज़रा उस माँ की आँखों में, कभी तुम झाँक कर देखो,
जो अपने लाल को ढूँढे, तुम्हारी घोषणाओं में।
हमारे ही पसीने से, तुम्हारे महल चलते हैं,
हमारे ही अंधेरों से, तुम्हारे दीप जलते हैं,
अजब है खेल ये जम्हूरियत, का इस ज़माने में,
कि हम ही वोट देते हैं, और हम ही रोज़ छलते हैं।
न कोई तीर चलता है, न कोई शोर होता है,
बड़ी खामोशी से हर घर, यहाँ कमज़ोर होता है,
सियासत के मदारी ने, हमें ऐसा नचाया है,
कि अपना दर्द भी अब तो, किसी का और होता है।
— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'