सिमटते दायरे हैं और अकेलापन पुराना है,
कि जैसे उम्र का कोई थका-हारा फसाना है।
मकानों की नुमाइश में जहाँ रिश्ते बदलते हैं,
मुझे उस दौर में भी याद कोई दिल पुराना है।
हवाएँ रोज़ आती हैं मगर पैग़ाम खो देतीं,
कई आँखें यहाँ उम्मीद की हर शाम खो देतीं।
जिन्हें पूजा था इस दिल ने कभी मूरत समझ कर ही,
वही सांसें सफ़र में आज अपना नाम खो देतीं।
दिखावे की इस दुनिया में मगर सच बोल देता हूँ,
मैं अपने ज़ख्म पन्नों पर स्वयं ही खोल देता हूँ।
कोई समझे न समझे इस तड़प के मौन दर्शन को,
मैं हर आँसू को शब्दों के तराज़ू तोल देता हूँ।
यही जज़्बात का दरिया बहेगा उम्र भर यूँ ही,
सुलगती आग सीने में रहेगी रात भर यूँ ही।
ज़माना लाख चाहे पर झुका पाएगा ना इसको,
मेरी आवाज़ का परचम उड़ेगा उम्र भर यूँ ही।
— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'