ललकारें टकरा रही हैं, ललकारें ललकारों से,
सत्ता का सिंहासन डोला, खादी की फटकारों से।
नहीं कटारें चमकीं रण में, नहीं चलीं तलवारें थीं,
सत्य-अहिंसा के अस्त्रों की, गूँजी बस हुंकारें थीं।
चरखे की टंकार उठी जब, चरखे की टंकारों से,
घबराया साम्राज्य क्रूर तब, निहत्थों की ललकारों से।
तन पर लाठी सहकर भी जो, डटे रहे अंगारों पर,
इतिहास लिखा उन वीरों ने, बिना रक्त की धारों पर।
अन्यायी भी काँप उठा था, करुणा के प्रहारों से,
जंजीरें सब टूट गईं थीं, प्रेम भरी झंकारों से।
गूँज रहा है आज विश्व में, मंत्र यही हर द्वारों से,
मानवता को जीता जाता, नफरत नहीं, विचारों से।
— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'