हद में रहे समंदर अपनी, बूंदों ने ज़िद्द ठानी है,
शांत समझकर भूल न करना, अब उफ़ान पर पानी है।
मिटने को तैयार खड़े हैं, ख़ौफ़ नहीं अब मंज़िल का,
झुकना होगा सरकार तुझे, इन साँसों ने यह ठानी है।
ज़ुल्म की काली रातों से अब, आँख मिलाने आए हैं,
कफ़न बाँधकर अपने सर पर, इंक़लाब हम लाए हैं।
लाख बिछाओ बेड़ियाँ राह में, रोक न पाओगे हमको,
पिंजरों को अब तोड़ चलेंगे, उड़ान हमने ठानी है।
शांत समझकर भूल न करना, अब उफ़ान पर पानी है।
ऊँचे-ऊँचे तख्त तुम्हारे, मिट्टी में मिल जाएँगे,
जब भूखे और शोषित सारे, एक सुर में चिल्लाएँगे।
हक की ख़ातिर मरने का अब, चाव जगा है सीने में,
लिखने को इतिहास नया, इस ख़ून ने रवानगी ठानी है।
झुकना होगा सरकार तुझे, इन साँसों ने यह ठानी है।
डरा न पाओगे तुम हमको, लाठी और दीवारों से,
गूँज रही है आज बगावत, सड़कों और बाज़ारों से।
जीत हमारी तय है समझो, वक़्त गवाही देगा अब,
सच्चाई के आगे तेरी, हर इक चाल पुरानी है।
हद में रहे समंदर अपनी, बूंदों ने ज़िद्द ठानी है!
— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'