हर सके जो, तम सभी का,
उस दिया को, ढूँढता हूँ,
जो बुझी उम्मीद में भी,
आस की लौ भर सके,
जो अँधेरों से, न डरे,
उस हौसले को, ढूँढता हूँ।
न तेल की, चाहत जिसे हो,
न बातियों का, आसरा,
जो स्वयं जलकर, जगत को,
रोशनी दे, हर दिशा में,
हर हृदय में प्रेम का,
एक उजाला ढूँढता हूँ।
जो अमावस की, घड़ी में,
पूर्णिमा का, भान दे,
जो निराशा के हृदय में,
जीने का, अरमान दे,
ऐसे ही, इक दीप को मैं,
आज फिर से ढूँढता हूँ।
-रतन कुमार कैथवास