आँखों का पानी मर जाए तो ग़ज़ल कैसे बने,
सुबह से शाम तलक लाइन में ही वक़्त गुज़र जाए तो ग़ज़ल कैसे बने।
दिल में एहसासों की जगह फ़िक्र का पहरा हो,
हर साँस रोज़ी की जद्दोजहद में ठहर जाए तो ग़ज़ल कैसे बने।
चूल्हे की आग बुझाने में उम्र निकल जाती है,
ख़्वाबों की गठरी रोज़ कंधों पर भारी हो जाती है।
जिसको फ़ुर्सत ही न मिले अपने दर्द को सुनने की,
उसकी आँखों में कोई तस्वीर उभर जाए तो ग़ज़ल कैसे बने।
काग़ज़ भी चाहिए, कलम भी, तन्हाई का आलम भी,
दिल में कुछ हलचल हो, लफ़्ज़ों का कोई मौसम हो।
जब पेट की चिंता हर सोच पर हावी हो जाए,
चाँद भी रोटी की शक्ल में, नज़र आए तो ग़ज़ल कैसे बने।
कभी दफ़्तर की कतारें, कभी राशन की दुकानें,
कभी किराये की फ़िक्रें, कभी बच्चों के बहाने।
जिसकी सुबह ही शाम के इंतज़ाम में बीत जाए,
वो बैठकर चाँद-सितारों की बात करे तो ग़ज़ल कैसे बने।
फिर भी किसी मज़दूर की हथेली पर देखना,
पसीने की हर बूँद में एक कहानी है लिखना।
जिसके पास ज़िंदगी ने फ़ुर्सत नहीं छोड़ी,
उसके संघर्ष को कोई अल्फ़ाज़ दे जाए तो ग़ज़ल जरूर बने।
मरहबा, ग़ज़ल सिर्फ़ महफ़िलों की जागीर नहीं होती,
हर दर्द की आवाज़ हमेशा तहरीर नहीं होती।
जिस दिन भूखे की ख़ामोशी को दुनिया सुन लेगी,
उस दिन बिना कलम उठाए भी एक ग़ज़ल बनेगी।
-रतन कुमार कैथवास