तारों में मत उलझो ,वीणा के स्वर को पहचानो
वाणी गीत ताल लय गति में समरसता को जानो
सबकी संयुति से समता का जो स्वर नया उभरता
जन-जन को पुलकित करता संताप त्रास सब हरता
ऐसी ही समाज की गति है सम और विषम प्रणाली
कूप मध्य कृत ध्वनि से निर्गत द्विगुणित प्रतिध्वनि वाली शीर्ष जनों द्वारा अनुमोदित पथ प्रायः प्रिय सबको
कहते वे प्रमाण जिसको अनुसरण योग्य जन-जन को अतः स्वयं जनता जनार्दन हम सब भारतवासी
राग द्वेष भय पक्षपात के बिना प्रगति अभ्यासी
शासक वर्ग निरंतर यह सब सोच विचार करें सब
शब्द ब्रह्म कहलाता शाश्वत अक्षय व्यापक जग में
सोच समझ कर लोकप्रिय वाणी होती जनहित में
लोकतंत्र के मंदिर में न स्वेच्छाचार करें हम
शासक वर्ग निरंतर यह सब सोच विचार करें सब
-राम प्रकाश मिश्र