हम बच्चे अपनी माँओं से न जाने कब बिछड़ गए,
वो परियों की कहानियाँ सुनाने वाले किधर गए।
घर-परिवार भी है, और अब आबाद भी हैं हम,
मगर वो कागज़ की कश्तियाँ बहाने वाले किधर गए।
आँगन भी वही है, दीवारें भी वहीं खड़ी हुई हैं अब,
वो शाम ढले सबको घर बुलाने वाले किधर गए।
अब अपने-अपने कमरों में सिमट गई है हर ज़िंदगी,
वो एक चूल्हे पर सबको हँसा-खिलाने वाले किधर गए।
यहाँ हर मोड़ पर मतलब और ज़रूरत का मेला है,
वो रिश्तों को महज़ दिल से निभाने वाले किधर गए।
तपिश रास्तों की अब झुलसाने लगी है पाँवों को,
पीपल-बरगद की छाँव तले वो सुस्ताने वाले किधर गए।
तारों भरी रातों में जो छत पर बिछती थीं चारपाइयाँ,
वो चाँद मामा के किस्से हमें सुनाने वाले किधर गए।
लालटेन की लौ में जो सपनों को पढ़ते थे रात भर,
वो कम उजालों में भी हंसने मुस्कुराने वाले किधर गए।
दादी की गोदी में छिपकर जो हर ग़म भूल जाते थे,
वो माथे पर हाथ रखकर बहलाने वाले किधर गए।
त्योहारों में जो घर-आँगन हँसी से भर जाया करते थे,
वो रूठों को भी गले लगाकर मनाने वाले किधर गए।
बरसों के बाद जब अपने गाँव की गलियों से गुज़रते हैं,
वो दूर से ही हमारा नाम लेकर बुलाने वाले किधर गए।
कच्चे आँगनों में न गिल्ली-डंडा, न कंचों की वो धूम है,
वो हारकर भी जीत का जश्न मनाने वाले किधर गए।
बरसात आते ही जो कागज़ के मौसम लौट आते थे,
वो भीगकर गलियों में इतराने वाले किधर गए।
नदी किनारे रेत के महल अब भला कौन बनाता है,
वो मुट्ठी भर रेत से बड़ी कायनात बनाने वाले किधर गए।
यादों की धूल झाड़ूँ तो कई चेहरे चमक उठते हैं,
वो धुंधली आँखों में उजियारे बसाने वाले किधर गए।
"अगस्त्य" आज भी ढूँढ़ता है बचपन की वही राहें,
वो खोई हुई दुनिया हमें दिखाने वाले किधर गए।
-राजेश शर्मा 'अगस्त्य'