नन्हे कदमों में लेकर तुम, सपनों की मुस्कान चलो,
छोटी-सी इन आँखों में ले, ऊँची भरी उड़ान चलो।
तुम फूलों की कोमल डाली,
तुम ही भोर की लाली हो,
तुम बगिया की रौनक सारी,
तुम ही तो हरियाली हो।
हर मुश्किल से लड़ जाने की, मन में लेकर ठान चलो,
छोटी-सी इन आँखों में ले.......
सूरज जैसा तेज तुम्हारा,
चंदा-सी शीतलता है,
सच्ची लगन और मेहनत से,
हर पथ आगे बढ़ता है।
हर किताब के पन्नों से चुन, नित नूतन विज्ञान चलो,
छोटी-सी इन आँखों में ले......
मात-पिता की आशा हो तुम,
गुरुजन का भी मान हो तुम,
भारत माँ के माथे पर जो,
चमके वह अभिमान हो तुम।
सत्य, प्रेम और करुणा का ही , गाते सुंदर गान चलो,
छोटी-सी इन आँखों में ले......
-आचार्य प्रताप