फिर सजने व्यापार चले हैं, झूठे दावेदार हमारे,
भोली जनता सोच रही है, कैसे कटेंगे दिन दुखियारे।
मंच सजे हैं भाषण गूँजे,
सपने केवल नए सँवारे,
मधुर वचनों के जाल बिछाकर,
छलने आए दृश्य नज़ारे।
पीड़ा की आवाज़ न पहुँचे,
महलों की ऊँची दिवारें,
वोट माँगने शीश झुकाते,
सत्ता के लोलुप मतवारे।
भूख-प्यास से व्याकुल होकर, नैन बिछाए बैठे सारे।
धर्म-जाति के नाम बाँटकर,
बस्ती में विष-बीज उगाते,
भाई-भाई बैरी बनते,
मन में संशय-रोग बढ़ाते।
रोटी-कपड़ा-काम छोड़कर,
व्यर्थ विमर्शों को भड़काते,
कुर्सी की खातिर ये गिरगिट,
नित्य नया पाखंड रचाते।
सत्य पराजित न्याय मौन है, टूट गए जन-मन के तारे॥०२॥
हाथ जोड़कर पाँव पखारें, जब
तक अवसर हाथ न छूटे,
जीत सुनिश्चित होते ही फिर,
जन-साधारण निर्दय लूटे।
वादे सब काग़ज़ पर दम दें,
सारे सेतु भरम के टूटे,
आशा की बाती बुझती है,
सपने फिर-फिर मन के छूटे।
किसे सुनाएँ व्यथा वेदना, कौन सुनेगा रुदन हमारे॥०३॥
-आचार्य प्रताप