विज्ञापन

कुछ एहसास कहे नहीं जाते

prabhakar sharma

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            कुछ एहसास कहे नहीं जाते,
        
                                                    
                            
बस आँखों में ठहर जाते हैं,
कुछ दर्द सुनाए नहीं जाते,
बस ख़ामोशी में बिखर जाते हैं।

हर बात का इज़हार ज़रूरी तो नहीं,
हर रिश्ते को नाम देना ज़रूरी तो नहीं,
कुछ लोग दिल में ऐसे बस जाते हैं,
जिन्हें पाने का ख़्वाब देखना भी ज़रूरी तो नहीं।

कभी किसी की मुस्कान में
अपनी सुबह ढूँढ़ लेते हैं,
कभी उसकी उदासी में
अपनी शाम खो देते हैं,
और कभी बिना किसी वजह के,
उसके ख़यालों में घंटों जी लेते हैं।

ये कैसा रिश्ता है,
जिसमें अधिकार नहीं, फिर भी अपनापन है,
जिसमें वादे नहीं, फिर भी विश्वास है,
जिसमें साथ नहीं, फिर भी साथ होने का एहसास है,
जिसमें शब्द नहीं, फिर भी दिल से दिल की बात है।

कभी मन करता है,
सब कुछ कह दूँ,
जो बरसों से भीतर सहेज रखा है,
उस एक एहसास को
लफ़्ज़ों की रोशनी दे दूँ,
मगर डर लगता है.
कहीं मेरी बातों से
उसकी दुनिया में कोई हलचल न हो जाए,
कहीं मेरा इज़हार
उसकी ख़ामोशी का कारण न बन जाए।

इसलिए कुछ बातें
दिल की तहों में ही रहने देता हूँ,
कुछ भावनाओं को
कविताओं में बहने देता हूँ,
कुछ यादों को
बिना शिकायत जीने देता हूँ,
और कुछ लोगों को
बिना किसी उम्मीद के चाहने देता हूँ।

ज़िंदगी ने मुझे इतना तो सिखाया है,
कि हर अपना पास नहीं होता,
हर प्रेम मुकम्मल नहीं होता,
हर चाहत को मंज़िल नहीं मिलती,
और हर सच्चे एहसास का
दुनिया में कोई नाम नहीं होता।

फिर भी दिल है कि मानता नहीं,
उनकी ख़ुशी में आज भी मुस्कुराता है,
उनकी तकलीफ़ की कल्पना से भी डरता है,
और हर दुआ में,
अनजाने ही सही,
उनका ज़िक्र कर जाता है।

कुछ एहसास कहे नहीं जाते...
क्योंकि उन्हें कह देने से
शायद उनकी सुंदरता कम हो जाए,
शायद उनका मासूमियत भरा अस्तित्व बदल जाए,
शायद जो ख़ामोशी में मुकम्मल है,
वो शब्दों में अधूरा हो जाए।

इसलिए उन्हें दिल में रहने दो,
किसी पवित्र स्मृति की तरह,
किसी अनकही दुआ की तरह,
किसी ख़ामोश प्रेम की तरह...

क्योंकि कुछ एहसास
सिर्फ़ महसूस करने के लिए होते हैं,
उन्हें पाने के लिए नहीं,
उन्हें जताने के लिए नहीं,
बल्कि उम्रभर
अपने भीतर सहेजने के लिए होते हैं...।

— प्रभाकर
9 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Anil Pandey

570 कविताएं

View Profile

Dr Madhavi

5 कविताएं

View Profile

Manju Sharma

3646 कविताएं

View Profile

binoy mb

520 कविताएं

View Profile

Kavi kumar

4 कविताएं

View Profile

Kashifa

2 कविताएं

View Profile