क्षितिज के उस पार
एक स्वप्निल उड़ान संकल्प की गहराई तक
क्षितिज के उस पार, जहाँ कल का संसार था,
हर अनदेखी राह में संभावनाओं का विस्तार था।
एक अलौकिक छटा ने नभ को यूँ सँवारा था,
सुनहरी लालिमा में दिखता भविष्य सुनहरा था
कहीं कल्पनाओं के महल, कहीं विचारों के दीप थे,
कहीं अनगिनत आकांक्षाएँ, कहीं संकल्प प्रदीप्त थे।।
कोई सितारों से आगे अपना मुकाम खोज रहा था,
कोई धरती की गोद में नया विज्ञान बो रहा था।
किसी की आँखों में अंतरिक्ष को छूने का अरमान था,
किसी के हृदय में मानवता का सुंदर अभियान था।।
कोई रंगों से दुनिया की नई तस्वीर बना रहा था,
कोई शब्दों से परिवर्तन का इतिहास रचा रहा था।।
न सीमाओं का बंधन था, न कल्पनाओं पर पहरा था,
हर छोटे से स्वप्न में एक विराट भविष्य ठहरा था।।
कभी पंख बनकर हौसले उड़ान भरने लगते थे,
कभी असंभव से दिखते रास्ते भी अपने लगते थे।।
क्यों रुकें भला हम, जब आकाश अभी बाकी है,
हर नई सुबह के हिस्से एक नई कहानी बाकी है।।
सपनों को संकल्पों का आधार देना होगा,
अपने आने वाले कल को स्वयं आकार देना होगा।
चलो, कल्पनाओं के दीप जलाएँ, नए क्षितिज सजाएँ,
अपने विचारों से नवयुग के सुंदर चित्र बनाएँ।
क्योंकि भविष्य कहीं दूर आसमान में नहीं पलता,
वह आज के सपनों से जन्म लेता है और संकल्पों से संवरता है।।