शाम होने को है सूरज को तो ढलना होगा
यानी फिर चाँद सितारों का निकलना होगा
जिन का अंजाम बिखरना नहीं ताबीरें हों
आँख में मेरी अब उन ख़्वाबों को पलना होगा
एक मुद्दत से है ग़ुर्बत का अँधेरा घर में
बन के मेहनत का दिया अब मुझे जलना होगा
हर किसी शख़्स को कर सकते हो क़ाइल तुम भी
बस तुम्हें लहजा-ए-गुफ़्तार बदलना होगा
उठ गया साया मिरे सर से मिरे वालिद का
अब गिरूँगा तो मुझे ख़ुद ही सँभलना होगा
इश्क़ तकमील की मंज़िल को पहुँचने को है
मेरे आईने में अब उस को भी ढलना होगा
पार कर सकता हूँ पुर-पेच वफ़ा की राहें
मिरे हमराह मगर तुम को भी चलना होगा
-नाज़िश बाराबंकवी