जाना है उस पार प्रिये
आमंत्रण करो स्वीकार प्रिये
उस पार यदि कोई जाता है ,
फिर लौट कर न आता है।
यदि लौट आये वो न रहे,
जो जाता है उस पार प्रिये । ।
जाना है उस पार प्रिये...
यह वक्ष सदैव ही ठना रहा,
भौहों पर भृकुटी बंधा रहा।
चाहे सम्मुख हो कोई भी,
यह शीश सदा ही तना रहा । ।
वह दंभ भी सम्मुख तेरे,
मान गया है हार प्रिये।
जाना है उस पार प्रिये...
उपहासोपरांत मंद मुस्कान ,
हृदय बिंधति जाती है।
शांत मुख नयन चंचल,
वज्रपात करवाती है। ।
तेरे नयन बाण के आगे,
निष्फल शास्त्रागार प्रिये।
जाना है उस पार प्रिये...
कृष्ण संग राधा की प्रीत,
दोहराये वह पुनीत रीत ।
मेरे जीवन की मधुर गीत,
तेरे सिवाय अब कौन मित। ।
मेरे इस जीवन ग्रंथ का ,
बन जाओ तुम सार प्रिये।
जाना है उस पार प्रिये...
सब तुझको अर्पण करता हूँ,
मैं आत्म समर्पण करता हूँ।
निहारो मुझमें तुम खुद को,
मैं खुद को दर्पण करता हूँ।।
उपहार तुम अब क्या चाहो,
मेरा जीवन उपहार प्रिये।
जाना है उस पार प्रिये...
जब से तुम पर ध्यान गया
निज अस्तित्व का भान गया
प्रेम पथ पर कुछ बिखर गया
जीवन मेरा कुछ निखर गया
जो भी है सब कुछ पर,
तेरा प्रथम अधिकार प्रिये।
जाना है उस पार प्रिये...
सब दृश्य मनोहर विश्व के
इक साथ यदि आ जायें
तेरे मुख मंडल को हम
तब भी न बिसरा पायें
श्रृंगार तुम्हें है क्या करना,
यौवन तेरा श्रृंगार प्रिये।
जाना है उस पार प्रिये...
मेरे जीवन की हो आशा
सुंदरता की परिभाषा
ईश्वर की एकल रचना
तुम्हारे मुख की संरचना
लज्जा तुम्हारे मुख का,
है वसंत बहार प्रिये।
जाना है उस पार प्रिये...
बहुत हुआ नयन चुराना
अब न किसी से डरना है
आलिंगन तुमको करना है,
उस आलिंगन में मरना है।।
स्वप्न मैं जो भी देखूँ,
कर दो उसे साकार प्रिये
जाना है उस पार प्रिये...
हृदय खोल कर रख बैठा
हर भाव हृदय का, बह बैठा।
कहने को कुछ बचा नहीं
जो न था कहा , सब कह बैठा।
अब तो समझो अब कितना
करूँ विस्तार प्रिये।
जाना है उस पार प्रिये...
अधरो का कंपन दिख रहा
अपने मुख को अब न रोको,
नयनों से न तीर चलाओ
नयन मिला कर के टोको।
कहो कि मेरा आमंत्रण,
है तुम्हे स्वीकार प्रिये।।
जाना है उस पार प्रिये...
उद्वेग मन में छा रहा है
हर्षित हृदय यह गा रहा है
सूर्य देव को अर्घ देते
यह भाव कल्पित आ रहा है
गंगा तट पर कैसा होगा
तुम संग छठ त्योहार प्रिये
जाना है उस पार प्रिये
करो आमंत्रण स्वीकार प्रिये
-कृष्ण कुमार सिंह