विज्ञापन

सुरीले छंद बन जाओ

Anonymous User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            गीत
        
                                                    
                            

खिले जो फूल चाहत के
उन्हें मकरंद बन जाओ
हमारी मूक धड़कन के
सुरीले छंद बन जाओ

बिना तेरे दिशाओं ने
उदासी ओढ़ ली देखो
पवन ने पुष्प-कलियों से
निगाहें मोड़ ली देखो
सुलगती विरह की बेला
दहन होता रहा जीवन
झरे जो नेह-रिमझिम सा
वही आनंद बन जाओ

समय की काँच-सी नदियाँ
निरंतर बह रही देखो
प्रणय की मूक पीड़ा भी
हृदय में दह रही देखो
किनारे की प्रतीक्षा में
भटकती नाव है मन की
इसे जो पार ले जाए
अटूट अनुबंध बन जाओ


बिना बाती-शिखा के कब
दिए ने रोशनी दी है
तुम्हारे बिन लगे जैसे
उमर मैंने नहीं जी है
तरसते इन नयनों को
तुम्हारे दरस की आशा
अधूरी श्वास है मेरी
हृदय का स्पंद बन जाओ
-भानु शर्मा रंज
 
3 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all