विज्ञापन

सोचकर यह मन विरह सहता चला

Anonymous User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            गीत
        
                                                    
                            

लौट आएगा कभी वह मीत फिर
सोचकर यह मन विरह सहता चला
तार जब टूटे हृदय की वीण के
अर्थ जब भटके नयन रस क्षीण के
काँपती जब उँगलियाँ भी थक गईं
प्रार्थना की पंक्तियाँ जब रुक गईं
याद को फिर बाँधकर पाथेय सा
सोचकर यह मन विरह सहता चला

लौट आएगा कभी वह मीत फिर
सोचकर यह मन विरह सहता चला
रश्मियाँ जब बन गईं तरकश से तीर
बाँटती जब हर दिशा बस प्राण पीर
आँधियों ने जब चुराईं मंज़िलें
राख ही जब बन गईं सब महफ़िलें
साँस के इस काँच को जोड़े हुए
सोचकर यह मन विरह सहता चला

लौट आएगा कभी वह मीत फिर
सोचकर यह मन विरह सहता चला
धड़कनों में गूँजती ज्यों भेरियाँ
श्वास पर ज्यों कस गईं हों बेड़ियाँ
आत्मा भी जब बदन से रुठ कर
चीख़ती थी वेदना में टूट कर
किन्तु स्मृतियों का दिया थामे हुए
सोचकर यह मन विरह सहता चला
लौट आएगा कभी वह मीत फिर
सोचकर यह मन विरह सहता चला

प्रेम में जो भी जला कुंदन हुआ
शूल भी उसके लिए चंदन हुआ
राख की परतों में छुपती ज्यों अगन
मौन में भी गूँजता हो ज्यों रुदन
इस अमर अहसास को जीवित लिए
सोचकर यह मन विरह सहता चला
लौट आएगा कभी वह मीत फिर
सोचकर यह मन विरह सहता चला
-भानु शर्मा रंज
 
2 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Manju Sharma

3561 कविताएं

View Profile