विज्ञापन

किनारों पे मीठी सी हलचल हुई है

Anonymous User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            तुम्हारे खयालों का दरिया बहा तो
        
                                                    
                            
किनारों पे मीठी सी हलचल हुई है
तुम्हारी छुअन से मिली जो रवानी
ये सूखी सी मरुथल भी जलथल हुई है

घने जंगलों में जो भटकी हवाएँ
तुम्हारी महक पा के वो भी रुकी हैं
पहाड़ों की चोटी पे बैठी घटाएँ
तुम्हारे ही सजदे में आ कर झुकी हैं
तुम्हारे ही नैनों का काजल चुरा कर
ये शामें भी कितनी मुकम्मल हुई हैं

बर्फ की वादी में पुकारा तुम्हें जब
झील का हर कमल मुस्कुराने लगा है
तुम्हारी ही आहट को सुनकर के भँवरा
नए गीत कलियों को गाने लगा है
तुम्हारी ही यादों के साये में रहकर
मेरी हर उदासी भी ओझल हुई है

समंदर की लहरों ने गाथा लिखी है
क्षितिज पर तुम्हारे ही रंग छा गए हैं
तुम्हारी निगाहों के भँवर में फँसकर
किनारों के भी होश अब आ गए हैं
तुम्हारे ही प्रेम की पावन अगन से
ये पत्थर सी दुनिया भी कोमल हुई है

सितारों के मेले में ढूँढा तुम्हें जब
तो चाँद ने रश्क से मुँह फेर लिया है
तुम्हारी ही पायल की झंकार सुन कर
बादलों ने गगन को आ घेर लिया है
तुम्हारे ही वादों की डोरी से बंध कर
ये बेचैन धड़कन भी निश्चल हुई है
-भानु शर्मा रंज
 
3 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all