विज्ञापन

अधरों के मौन कहे हमने

Anonymous User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            संयोगों के उल्लास नहीं
        
                                                    
                            
स्मृतियों के शूल सहे हमने
अधरों के मौन कहे हमने

जब चाँद नदी की लहरों पर चुपके से रूप बनाता है
तब याद तुम्हारी आती है मन और विकल हो जाता है
यदि तुम होते तो बात नई इन सूने घाटों पर होती
हर एक लहर पर तारों की उजली सी एक चादर होती
इस सूनी रात के पहरों में
पीड़ा के घूँट गहे हमने

जब मेघ घिरे हों अम्बर पर और प्यास धरा की जगती हो
जब बूँदें गिरती हों तरु पर और आग विरह की लगती हो
मैं कैसे सावन को गाऊँ जब प्यासा है चातक मेरा
हर दिशा खोजती है तुमको है शून्य दिशाओं का घेरा
इन पनघट की पगडंडी पर
बस एकाकीपन लहे हमने

उपवन के झड़ते पत्तों में जब आह तुम्हारी सुनता हूँ
इन खिले हुए पलाशों में मैं दाह तुम्हारी चुनता हूँ
जो फूल खिले थे वसंतों में वो आज हुए हैं अंगारे
हे मीत तुम्हारे बिन सूने लगते हैं ये नभ के तारे
इस ढलती साँझ की लाली में
अंगार विरह के दहे हमने
अधरों के मौन कहे हमने
-भानु शर्मा रंज
 
3 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all