विज्ञापन

वक़्त सेहत के हिसाबों में लगा पाता हूँ मैं।

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            उम्र की इस शाम, दहलीज़ पर बैठा हूँ मैं,
        
                                                    
                            
ज़िंदगी की हर अदा पर मुस्कुरा बैठा हूँ मैं।

जिस्म की ये हवेली रोज़ करती है गिला,
मीठे-नमक के हर फ़साने से ख़फ़ा बैठा हूँ मैं।

दवाओं की पर्चियों का बोझ है साँसों पे अब,
धड़कनों की तेज़ रफ़्तारी सजा बैठा हूँ मैं।

सुबह अब जागता नहीं, संदूक-सा खुलता हूँ मैं,
बिस्तरों से ले इजाज़त, पाँव रख पाता हूँ मैं।

सोते-सोते चोट लगती है, ये नाज़ुक दौर है,
हर बदलती करवटों से ख़ौफ़ खा जाता हूँ मैं।

जेब-ए-याददाश्त में अब हो गए हैं कुछ सुराख़,
रास्ते में ही ख़यालों को गिरा आता हूँ मैं।

ख़ुद पे हँसकर लौट आता हूँ कि चलो अच्छा हुआ,
इस बहाने चार क़दमों तक तो चल पाता हूँ मैं।

बोलता है टोस्टर, हँसता है फ़्रिज का आइना,
बेज़ुबाँ चीज़ों से अब रिश्ते निभा जाता हूँ मैं।

थक के गिरता हूँ तो सोफ़ा थाम लेता है मुझे,
वक़्त सेहत के हिसाबों में लगा पाता हूँ मैं।

ढलती दोपहरी की धूप में भी अजब सा चैन है,
आख़िरी पन्नों पे हर परहेज़ भुला बैठा हूँ मैं।

ज़िंदगी के इस लतीफ़े पर हँस ले तू 'कपिल',
याद आए तो बता दे, क्यों उठा बैठा हूँ मैं!
-कपिल देव जुल्का
 
31 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7673 कविताएं

View Profile