रात का तीसरा पहर है...
सड़कें बेदम सो चुकी हैं,
और इस तंग कोठरी की फटी चटाई पर
मैं तन्हा बैठा हूँ।
सामने खुली है एक मुड़ी-तुड़ी डायरी,
जिसमें आधे लिखे इंक़लाबी नारे हैं,
और आधी लिखी हैं तुम्हारी यादें।
लोग कहते हैं—मैं बहुत बड़ा बाग़ी हूँ,
हुकूमत कहती है—मेरी ज़बान ख़तरनाक है,
क्योंकि मैं संसद की दीवारों पर कालिख पोत कर आया हूँ!
पर इस वक़्त... इस स्याह तन्हाई के अंधेरे में,
मैं सिर्फ़ एक हारा हुआ इंसान हूँ।
अजीब सी शर्त रखी है तुमने जाते-जाते—
कि मैं तुम्हें भूल जाऊँ!
तुमने कहा था कि हुकूमत की गोलियाँ और तुम्हारी यादें,
दोनों एक साथ इस सीने में नहीं रह सकतीं।
-(एक गहरी साँस, थोड़ा ठहराव)-
“अगर भूल पाया... तो ज़रूर याद करूँगा...”
हाँ, यही कहा था मैंने तुमसे।
पर तुम ही बताओ, मैं कैसे भूलूँ?
अभी तो हथकड़ियों के लोहे के निशान ताज़ा हैं,
अभी तो जेल की सलाख़ों की ठंडी छुअन मेरी हड्डियों में है।
अभी तो उस मज़दूर के बच्चे की चीख़ कानों में गूँज रही है,
जिसकी लावारिस लाश कल मैंने चौराहे पर देखी थी।
इंक़लाब की राह पर निकलने वाले मुसाफ़िर,
जब मोहब्बत की गलियों से गुज़रते हैं—
तो उनका वजूद दो हिस्सों में टूट जाता है।
एक हिस्सा कहता है—चलो, उस ज़ुल्फ़ की छाँव में सो जाएँ,
दूसरा हिस्सा खींच ले जाता है—जहाँ बारूद सुलग रहा है!
मैं तुम्हें याद करने बैठूँ, तो मुल्क की बदहाली आड़े आ जाती है,
मैं मुल्क को बदलने निकलूँ, तो तुम्हारी भीगी आँखें रास्ता रोक लेती हैं।
यह कैसा मुकाम है ज़िंदगी का...
जहाँ न मैं पूरी तरह तुम्हारा हो सका,
न पूरी तरह इस अवाम का!
पर सुनो...
अगर कभी यह दौर बदला,
अगर इन काली रातों के बाद कोई असली सवेरा आया,
अगर इस ज़ालिम व्यवस्था का तख़्त पलटा,
और मेरे सीने में धधकता यह कोयला शांत हुआ...
और उस वक़्त...
अगर मैं ख़ुद को भूल पाया,
अगर मैं इस ज़माने के दिए सारे ज़ख़्मों को भूल पाया,
तो वादा करता हूँ... मैं तुम्हें ज़रूर याद करूँगा।
मगर अभी नहीं...
अभी तो बाहर गलियों में बूटों की भारी आवाज़ है,
अभी तो इंक़लाब का परचम उठाना बाकी है।
अभी तो मुझे अपनी ही राख में,
एक नई आग को तलाशना बाकी है...
-कपिल देव जुल्का