विज्ञापन

जहाँ हर रास्ता किसी न किसी हिस्से को पीछे छोड़ जाता है...

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            जेब में कुछ सिक्के खनकते हैं,
        
                                                    
                            
और हथेली पर किसी अपने की लकीरें धुँधला रही हैं...
आसमान की सीढ़ी चढ़ने की ज़िद में,
ज़मीन की मिट्टी पैरों से छूटती जा रही है।

सुबह की चाय अब ठंडी ही पी जाती है,
अख़बार के पन्नों में ख़बरें कम,
और भागते हुए वक़्त की सिलवटें ज़्यादा दिखती हैं।
दफ़्तर की काँच की दीवारों के उस पार,
एक सूरज है जो सिर्फ़ चमकता है, तपन नहीं देता।

एक तरफ़ 'कल' को सँवारने की भागदौड़ है,
ऊँचे मक़ामों की ठंडी हवा है,
और काग़ज़ के उन टुकड़ों का शोर है,
जो ख़ुशियाँ ख़रीदने का दावा तो करते हैं,
पर सुकून की क़ीमत नहीं चुका पाते।

दूसरी तरफ़,
आँगन की मुंडेर पर बैठी वो शाम है,
जहाँ माँ की आँखों का चश्मा इंतज़ार में धुँधलाता है,
और किसी अपने की अनकही बात,
गले में ही अटक कर रह जाती है।

कहाँ जाऊँ... किस मोड़ पर ठहरूँ?
अगर पंख फैलाकर आसमान नापने निकलूँ,
तो घोंसले के तिनके बिखरने का डर है।
और अगर रिश्तों की छत थामे बैठा रहूँ,
तो अपनी ही उड़ान से नज़रें चुराने का ग़म है।

आसमान छूने निकला था, तो ज़मीन रूठ गई,
हाथ थामने रुका, तो वक़्त की डोर छूट गई।
किस किनारे पे लंगर डाले मेरी कश्ती 'कपिल',
कि एक समंदर पार करते ही, दूसरी रेत फूट गई।

ज़िंदगी ने लाकर एक ऐसे तिराहे पर खड़ा कर दिया है,
जहाँ हर रास्ता किसी न किसी हिस्से को पीछे छोड़ जाता है...
पता नहीं,
मैं मुसाफ़िर हूँ इन रास्तों का,
या ख़ुद ही एक उलझा हुआ चौराहा हूँ।
-कपिल देव जुल्का
 
एक घंटा पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7679 कविताएं

View Profile