विज्ञापन

धड़कनों का सफ़र, मिट्टी की तलब

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            बर्फ़-सी पिघलती रहीं ख़्वाहिशों की आँच पर,
        
                                                    
                            
सर्द रातों में भी जो धड़कनें सुलगती रहीं।
हमने रेशम के धागों से बाँधे थे बादल कई,
और हवाओं की ज़िद पर उँगलियाँ फिसलती रहीं।

एक बेनाम-सी प्यास का क़ाफ़िला था रवाँ,
न कोई नक़्श-ए-पा, न ज़मीं का निशाँ कोई।
सारे मौसम गुज़रते रहे आँखों की दहलीज़ से,
और हम बुनते रहे आसमाँ का मकाँ कोई।

धड़कनों की ज़मीं पर ही रक्खा था सारा वजूद,
साँस के हर क़दम पर ही दुनिया बसाई थी।
हम अपने दिलों के बल इतना दौड़े ‘कपिल’,
कि भूल ही गए हमारे पाँव भी हैं...

जो थक कर कभी बैठते हैं किसी छाँव में,
तो तलवों की मिट्टी से पूछते हैं पता अपना।
कि जिन रास्तों पर उड़े थे परिंदों की तरह,
उनकी पथरीली तहों में भी था रास्ता अपना।

अब जो ठहरे हैं साँसों के इस मोड़ पर आ के हम,
तो ज़मीं पाँव के नीचे से कुछ अजनबी लगती है।
धड़कनें तो अभी तक सफ़र में ही हैं, ‘कपिल’,
पर ये मिट्टी बहुत देर से रुक कर तकती है।
-कपिल देव जुल्का
 
29 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7679 कविताएं

View Profile