एक दिन शहर के चौराहे पर,
सच की नीलामी रखी गई ,
झूठ के चमकते सिक्कों के बीच,
ईमानदारी अकेली खड़ी पाई गई।
पहला खरीदार सत्ता से आया,
बोला-सच मुझे दे दो ,
मैं इसे अपने हिसाब से ढालूंगा,
तुम्हें ऊंचा पद दिला दूंगा।
दूसरा आया बाजार से,
उसने सच का मूल्य लगाया,
बोला-जितना बिक सके उतना बोलो,
बाकी को विज्ञापन में छिपाया।
तीसरा आया भीड़ के साथ,
उसे बस अपनी जयकार चाहिए थी,
सच अगर उसके पक्ष में न हो,
तो उसे चुप कराने की तैयारी थी।
तभी एक मजदूर वहां आया,
उसकी हथेली में छाले थे,
उसने कहा -
मेरे पास खरीदने को कुछ नहीं,
पर मेरे जीवन के सारे उजाले
मेरे पसीने के हवाले हैं।
एक बच्चा भी आगे आया,
उसने मासूमियत से पूछा -
अगर सच भी बिकने लगा है ,
तो स्कूल में हमें सच बोलना
क्यों सिखाया जाता है ?
चौराहे पर अचानक सन्नाटा था,
नीलामी का हथौड़ा थम गया,
किसी ने पहली बार महसूस किया
कि सच बिक नहीं रहा था,
इंसान का जमीर बिक चुका था।
उस दिन नीलामी तो रुक गई,
पर एक सवाल शहर में रह गया -
जिस समाज में सच खरीदना पड़े ,
वहां इंसान आखिर
अपनी आत्मा किससे बचाएगा?
-काजोल उइके