विज्ञापन

मैं आदिवासी हूं , यही मेरी शान है !

Kajol Uikey

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मैं पर्वत की ऊंची चोटी हूं ,
        
                                                    
                            
मैं जंगल की मुस्कान हूं,
मैं धरती की पहली धड़कन ,
मैं आदिवासी पहचान हूं।

मेरे माथे पर सूरज चमके,
मेरी सांसों में वन की महक,
मांदर की थाप,करमा के गीत,
मेरी संस्कृति की अमिट चमक।

नदी मेरी मां जैसी पावन,
धरती मेरा अभिमान है ,
जल जंगल और जमीन की रक्षा,
मेरे पुरखों का बलिदान है ।

बिरसा की हुंकार आज भी,
अन्याय से टकराती है ,
सिदो-कान्हू की वीर कहानी ,
इतिहास को जगाती है ।

तिलका मांझी का साहस बोलता,
तात्यां भील की शान है,
रानी दुर्गावती का शौर्य,
हम सबका सम्मान है ।

फूलो -झानो की वीरता,
नारी शक्ति का गान है ,
रानी गैदिन्लयू के संघर्ष में,
आजादी का अरमान है।

गोविंद गुरु की चेतना ,
जन -जन का स्वाभिमान है ,
इन वीरों के रक्त से सींचा ,
हमारा हिंदुस्तान है।

न कोई छोटा,न कोई बड़ा,
सबके लिए सम्मान है,
अपनी भाषा, अपनी बोली,
अपनी संस्कृति महान है ।

नृत्य में जीवन, गीतों में इतिहास,
परंपराओं में ज्ञान है,
पीढ़ी -दर-पीढ़ी बचाकर रखना,
अपनी विरासत का मान है।

हमने जंगल को घर माना,
नदियों को वरदान किया,
प्रकृति से रिश्ता जोड़कर,
जीवन का सम्मान किया।

हम मिट्टी से जन्मे जरूर ,
पर हौसलों से आसमान है,
हम इतिहास के भूले पन्ने नहीं,
हम भारत की पहचान है ।

नमन उन सभी बलिदानियों को,
जिनसे रोशन हिंदुस्तान है,
मैं गर्व से कहती हूं दुनिया से -
मैं आदिवासी हूं , यही मेरी शान है !
-काजोल उइके
 
30 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7673 कविताएं

View Profile