"सात अमृत की प्रार्थना"
थक गया हूँ चलते-चलते, इस जीवन की राह में,
असत्य, अंधकार और भय की गहरी आह में।
हे करुणानिधान! अब तो दया दिखा दे,
मेरे सूने जीवन को अमृत से सजा दे।
अन्न का अमृत दे दे, जो प्रसाद बन जाए,
देह नहीं, मेरे भीतर का कोष खिल जाए।
प्राण का अमृत दे दे, लय में बंधा हुआ,
हर श्वास मेरा तुझसे ही सधा हुआ।
ज्ञान का अमृत दे दे, जो भय को हर ले,
सत्य की अनुभूति से मन को भर दे।
आनंद का अमृत दे दे, झरने सा बहे,
भीतर मेरे हर पल तेरा ही रस रहे।
करुणा का अमृत दे दे, अहंकार गले,
मैं मिट जाऊँ, बस तेरा प्रकाश चले।
प्रेम का अमृत दे दे, मधुरता घोल दे,
मन के सारे द्वेष-भेद सारे खोल दे।
और अंत में हे प्रभु! सोम अमृत दे दे,
नर से नारायण तक का सान्निध्य दे दे।
द्वार खोल दे अपना, हे अमृतेश्वर,
बहा दे मुझमें सातों धारा भरकर।
ना घटे, ना छूटे, कभी ना मिटे,
ऐसा अमृत पिला, मैं अमृत हो जाऊँ।
मैं नहीं रहूँ, बस तू ही तू रहे,
ब्रह्मनाद बनकर मैं तुझमें समाऊँ।
- जगदीश प्रसाद शर्मा